Hindi News / डेढ़ डिसमिल जमीन बेटी के नाम करना पड़ा महंगा,गुस्से में बेटे ने पिता...

बोकारो : डेढ़ डिसमिल जमीन बेटी के नाम करना पड़ा महंगा,गुस्से में बेटे ने पिता पर किया वार

Edited By:  |
bokaro bokaro

बोकारो:जिलेके सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से रिश्तों की मर्यादा को झकझोर कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां संपत्ती विवाद में कलयुगी बेटा अपने पिता का सहारा बनने की जगह उनका हमलावर बन गया. संपत्ति विवाद ने इस कदर तूल पकड़ा कि गुस्से में बेटे ने बैशाखी से अपने बुजुर्ग पिता पर जानलेवा हमला कर दिया. पीड़ित पिता खून से लहुलूहान हो गए. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे और उसके साले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ फोरलेन किनारे की करीब 3 डिसमिल जमीन है. जिसमें से डेढ़ डिसमिल जमीन पिता ने अपनी बेटी के नाम कर दी थी. इसी बात से नाराज होकर बेटा लगातार माता-पिता के साथ मारपीट करने लगा.

घटना सेक्टर-12 थाना क्षेत्र का है. जहां मुकेश्वर सिंह अपने पैतृक गांव आरा गए हुए थे. इसी दौरान उनके बेटे सोनू कुमार सिंह ने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर घर पर धावा बोल दिया.

आरोप है कि घर में घुसकर मां के साथ बेरहमी से मारपीट की. इतना ही नहीं, घर में रखे कीमती सामान भी लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सुरक्षित थाने ले आई.

जब इस घटना की जानकारी पिता मुकेश्वर सिंह को मिली तो वे तुरंत बोकारो लौटे, लेकिन यहां भी उनका सामना अपने ही बेटे के गुस्से से हुआ.पुलिस के सामने ही बेटे सोनू ने बैशाखी से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. खून से लथपथ हालत में उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां उनके सिर पर कई टांके लगाने पड़े हैं.