पटना :बिहार प्रदेश शिक्षा सेवक/शिक्षा सेवक (तालिमी मरकज) संघ प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से उनके 7,सर्कुलर रोड स्थित आवास पर मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने अपनी चार सूत्री मांगों को लागू करने को लेकर मांग पत्र सौंपा.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पिछले 18 साल से राज्य की स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता के क्षेत्र में शिक्षा सेवक/शिक्षा सेवक (तालिमी मरकज) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. संघ के अनुसार इसका लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रहा है.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बिहार में एक प्रतिशत से भी कम बच्चे स्कूली शिक्षा से बाहर रह गए हैं और राज्य की साक्षरता दर कई राज्यों की तुलना में बेहतर है. शिक्षा सेवक सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं.
नीतीश कुमार को सौंपे गए चार सूत्री मांग पत्र में ग्रेड पे लागू करने,अनुकंपा का लाभ देने, उम्र सीमा 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने और राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग शामिल है.
प्रतिनिधिमंडल ने नीतीश कुमार से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया. संघ के मुताबिक, नीतीश कुमार ने मांगों को गंभीरता से सुना और खासकर बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षा सेवक/तालिमी मरकज के कार्यों की सराहना की.
इस दौरान बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्फ भी मौजूद रहे.

