Hindi News / झारखंड के गंभीर मुद्दों पर की चर्चा,JPSC-JSSC घोटाला,CBI जांच और बिगड़ती कानून-व्यवस्था का...

अमित शाह से मिले सांसद मनीष जायसवाल : झारखंड के गंभीर मुद्दों पर की चर्चा,JPSC-JSSC घोटाला,CBI जांच और बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उठाया मुद्दा

Edited By:  |
amit shah se mile sansad manish jaiswal amit shah se mile sansad manish jaiswal

नई दिल्ली: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने सोमवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन, JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध एवं खनिज संपदा की कथित लूट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की.

JPSC-JSSC-CGLसीटों की खरीद-बिक्री के गंभीर आरोप

सांसद ने गृह मंत्री को बताया कि JPSC एवं JSSC-CGL भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता और सीटों की खरीद-बिक्री के गंभीर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही CID जांच की निष्पक्षता और प्रभावशीलता को लेकर छात्रों एवं अभ्यर्थियों के बीच गंभीर सवाल हैं। ऐसे में पूरे प्रकरण की CBI से निष्पक्ष जांच कराना आवश्यक है,ताकि सच्चाई सामने आए और प्रत्येक दोषी की जवाबदेही तय हो सके।

झारखंड के 5 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों के भविष्य पर जतायी चिंता

उन्होंने कहा कि यह केवल एक भर्ती परीक्षा का मामला नहीं,बल्कि झारखंड के 5 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के भविष्य और उनके विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय है। अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्रों की मांगों को भी उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।

सांसद ने झारखंड की गिरती कानून-व्यवस्था पर की चिंता व्यक्त

मनीष जायसवाल ने झारखंड की गिरती कानून-व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए राज्य में बढ़ते संगठित अपराध, खनिज संपदा की बड़े पैमाने पर कथित लूट और हजारीबाग, रामगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों में फैल रहे अवैध नशे के कारोबार से संबंधित विषयों से गृह मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, राज्य की कानून-व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। इन गंभीर विषयों पर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के साथ विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।