Hindi News / तेज रफ्तार ट्रक ने ली महिला की जान, मौके पर मचा हड़कंप

Jharkhand News : तेज रफ्तार ट्रक ने ली महिला की जान, मौके पर मचा हड़कंप

Edited By:  |
A woman was killed by a speeding truck, creating panic on the spot A woman was killed by a speeding truck, creating panic on the spot

चतरा : झारखंड के चतरा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा मोड़ के पास की है, जहां करीब50वर्षीय आशा देवी को एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। बताया जा रहा है कि आशा देवी लावालौंग थाना क्षेत्र के कासीमहुआ गांव की रहने वाली थीं और अपनी बेटी के घर से लौट रही थीं। इसी दौरान जब वह सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच22किया जाम,शव के साथ घंटों किया प्रदर्शन..

आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए चतरा-रांची मुख्यपथ एनएच22 जाम कर दिया। सड़क जाम रहने से उक्त पथ पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। उनका कहना है कि इस सड़क पर लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। ग्रामीणों ने मृतिका के परिजनों को उचित मुआवजा और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग की। मृतिका के पुत्र जुगेश्वर साव ने साफ कहा कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। इस दौरान भाजपा नेता विनोद बिहारी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सड़क ट्रांसपोर्टिंग के लिए नहीं है, फिर भी कोयला लदे ट्रकों की आवाजाही लगातार हो रही है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। वहीं सिमरिया अंचल अधिकारी गौरव कुमार ने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को जल्द ही उचित मुआवजा दिलाया जाएगा और मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।