पलामू :पलामू जिले के नक्सल प्रभावित मनातू प्रखंड के चक में स्थित स्तरोन्नत प्लस 2 उच्च विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। 1917 में स्थापित इस स्कूल में कक्षा 1 से 12 तक के करीब 1700 छात्रों को सिर्फ 8 कमरे उपलब्ध हैं। इसके अलावा, स्कूल में खेल का मैदान और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए साइंस लैब भी नहीं है, जिससे छात्रों को पढ़ाई में बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

बुनियादी सुविधाओं का अभार
स्कूल के प्रभारी प्राचार्य के अनुसार, अब तक साइंस लैब नहीं बनाया गया है और खेल मैदान की भी व्यवस्था नहीं की गई। विद्यालय में 26 शिक्षक हैं, लेकिन इनमें से 10 से 13 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित शिक्षकों को लेकर पूछे जाने पर, एक शिक्षक ने जानकारी देने से इंकार किया और अन्य शिक्षकों का भी रिकॉर्ड ठीक से नहीं रखा गया।

छात्रों को बढ़ी परेशानी
कक्षा 11 और 12 के छात्रों को कमरे की कमी के कारण एक ही कक्षा में पढ़ाया जाता है, और कभी-कभी छात्रों को खड़े होकर पढ़ाई करनी पड़ती है। छात्र नंदिनी कुमारी ने बताया कि सुविधाओं के अभाव में कई छात्र स्कूल में नहीं आते हैं।

एमडीएम में गड़बड़ी
वहीं, स्कूल में रोजाना 300 से 350 छात्रों के लिए मिड-डे मील (एमडीएम) तैयार होता है, लेकिन असल में छात्र कम संख्या में स्कूल आते हैं। अनुपस्थित छात्रों के नाम रजिस्टर में दर्ज कर लिए जाते हैं।इस पूरी स्थिति से छात्रों और शिक्षकों के लिए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की सख्त आवश्यकता प्रतीत होती है।

