छपरा:-सारण जिले के एकमा–छितरवलिया मुख्य मार्ग पर हरपुर गांव के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को चिंताजनक बताया है। वहीं मृतक की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
मुकुंद कुमार सिंह

