विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारी जोरों पर : डीआईजी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा,अधिकारियों को दिए निर्देश
देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू होने में महज कुछ ही दिन शेष बचे हैं. श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड में है. इसी क्रम में तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार को डीआईजी अंबर लकड़ देवघर पहुंचे. डीआईजी ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर,कांवरिया पथ,पेयजल,बिजली,सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की. डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि श्रावणी मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु या कांवरिया को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला राज्य का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है. ऐसे में सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. प्रशासन का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिल सके इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं.