Hindi News / समस्तीपुर में राजकीय मेले के दौरान रात के समय खुलेआम टेबल पर रखकर...

बिहार में शराबबंदी की खुली पोल : समस्तीपुर में राजकीय मेले के दौरान रात के समय खुलेआम टेबल पर रखकर शराब बेचने का वीडियो वायरल

Edited By:  |
Video of openly selling liquor on tables at night during the state fair in Samastipur goes viral

डेस्क:- समस्तीपुर बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू हुए कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध शराब का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र स्थित बाबा केवल धाम में आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले से सामने आया है। यहां रात के समय कथित तौर पर खुलेआम शराब बेचे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में तीन अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की बोतलें खुले में रखी दिखाई दे रही हैं। बोतलों के साथ एक ग्लास भी रखा हुआ नजर आ रहा है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वहां चोरी-छिपे शराब की बिक्री हो रही थी। वीडियो में एक युवक बोतलों के पास खड़ा खीरा काटता भी दिखाई दे रहा है।


बताया जा रहा है कि मेले से लौट रहे कुछ लोगों की नजर जब इन बोतलों पर पड़ी तो उन्होंने इस पर सवाल उठाए। हालांकि वहां मौजूद लोगों पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा। वीडियो में एक आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें कहा जा रहा है कि ये सच में शराब की बोतलें हैं। गौरतलब है कि इसी राजकीय मेले का उद्घाटन दिन में केंद्रीय मंत्री राजभूषण चौधरी, स्थानीय विधायक रणविजय साहू तथा समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया था।


उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद रात में इस तरह का दृश्य सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पूर्व मंत्री मुकेश सहनी भी देर शाम दर्शन करने के लिये बाबा केबल धाम पहुंचे थे। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की हम आधिकारिक पुष्टि नहीं करती है। प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। उत्पाद अधीक्षक ने वायरल हो रहे वीडियो पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।