थेथरोलॉजी कर रही नीतीश-तेजस्वी की सरकार
सुशील मोदी बोले- केन्द्र ने दिए 25,588 करोड़, लेकिन गरीबों को नहीं मिला घर
PATNA : बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और वर्तमान में बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने बिहार की नीतीश-तेजस्वी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार के मंत्री अपनी नाकामी छिपाने और केंद्र सरकार को बदनाम करने के लिए थेथरोलॉजी पर उतर आए हैं, इसलिए वे केंद्र से धनराशि मिलने के बाद भी झूठा बयान दे रहे हैं।
सुशील मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना ( PMAY-G) के लिए केंद्र से इस वित्तीय वर्ष में बिहार को 4,590 करोड़ रुपये मिले , लेकिन मंत्री श्रवण कुमार कह रहे हैं कि कोई पैसा नहीं मिला।उन्होंने कहा कि 2016 में शुरू हुई इस आवास योजना के तहत बिहार को केंद्र से 25,588 करोड़ रुपये मिल चुके हैं, जबकि 6 लाख 8 हजार 388 आवास अब भी बनने बाकी हैं।उन्होंने कहा कि पुरानी इंदिरा आवास योजना के भी 3 लाख 23 हजार मकान नहीं बन पाये।
सुशील कुमार मोदी ने कहा कि गरीबों को घर देने की केंद्रीय योजनाओं को लागू करने में राज्य सरकार विफल है, जबकि पीएमएवाइजे के अन्तर्गत यूपी के बाद सबसे ज्यादा धनराशि बिहार को मिली।उन्होंने कहा कि आवास योजना में केंद्रीय हिस्से की मांग करने वाला बिहार का कोई प्रस्ताव केंद्र के पास लम्बित नहीं।उन्होंने ने कहा कि योजना के लिए प्राप्त राशि का 75 खर्च करने के बाद जब राज्य सरकार उपयोगिता प्रमाण पत्र भेजेगी, तब उसे बाकी राशि भी तत्काल मिल जाएगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।