गयाजी में जदयू में दो फाड़ के संकेत : प्रदेश सचिव ने जिला अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

Edited By:  |
The state secretary has leveled serious allegations against the district president.

डेस्क:-गयाजी में जनता दल यूनाइटेड के अंदरूनी विवाद के संकेत सामने आए हैं। पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. चंदन कुमार यादव ने जिला संगठन पर गंभीर आरोप लगाते हुए असंतोष जताया है। उन्होंने जदयू जिलाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद पर निष्ठावान और पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।


डॉ. चंदन कुमार यादव ने अपने आवास चंदौती में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी के प्रति वर्षों से समर्पित कार्यकर्ताओं को न तो संगठन में सम्मान मिल रहा है और न ही उन्हें कार्यक्रमों की सूचना दी जा रही है। हाल ही में गया शहर में आयोजित कार्यकर्ताओं का आभार सह सम्मान समारोह में कई पुराने कार्यकर्ताओं को आमंत्रित तक नहीं किया गया।


उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में कुछ लोग सरकार और पार्टी के कई पदों पर काबिज होकर अपने चहेतों को आगे बढ़ा रहे हैं। पंचायत अध्यक्ष से लेकर प्रखंड स्तर तक के पदाधिकारियों को कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई और जो कार्यकर्ता पहुंचे, उन्हें भी सम्मानजनक स्थान नहीं मिला।


प्रदेश सचिव ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने पहले दूसरे दलों के लिए प्रचार किया था, उन्हें सत्ता बनने के बाद पार्टी में शामिल कर लिया गया, जबकि पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। इसे कार्यकर्ताओं के अधिकारों का हनन बताते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

मामले को लेकर जदयू नेताओं के बीच चर्चाओं का दौर तेज है और संगठन में उभरती इस नाराजगी ने पार्टी की अंदरूनी एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट