सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता : चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर मुठभेड़, 15 लाख के इनामी नक्सली समेत चार ढेर
चतरा:चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों के साथ भीषण मुठभेड़ हुई है. पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में हुई मुठभेड़ में माओवादी सबजोनल कमांडर 15 लाख के इनामी नक्सली सहदेव समेत चार इनामी नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है. चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है.
कोबरा बटालियन जवानों के साथ मुठभेड़
चतरा-हजारीबाग पुलिस समेत कोबरा बटालियन के जवानों के साथ हुई मुठभेड़ में झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. इस मुठभेड़ के बाद इलाके की घेराबंदी कर जवान सर्च अभियान चलाने में जुटे हुए हैं. मौके से चार नक्सलियों का शव समेत भारी मात्रा में हथियार और कारतूस समेत नक्सल सामान बरामद किया गया है.
अभी अधिकारिक पुष्टि बाकी
एसपी ने कहा कि मुठभेड़ में किन नक्सलियों की मौत हुई है, इसकी पुष्टि अभी बाकी है. चतरा एसपी मुठभेड़ की सूचना के बाद दलबल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए. हजारीबाग जिले के केरेडारी व चतरा के पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत बटुका इलाके में मुठभेड़ हुआ है.