सुदिव्य सोनू को भावभीनी श्रद्धांजलि : गिरिडीह आवास पर कांग्रेस नेताओं ने किया नमन,इरफान अंसारी बोले-भाई जैसा था रिश्ता
गिरिडीह:झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है. वहीं, दो दिवसीय राजकीय शोक का आज दूसरा दिन है.सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने हरसिंगरायडीह स्थित उनके आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सह महाराष्ट्र प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, झारखंड के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी और मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके बाद नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ.इरफान अंसारी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का जाना सिर्फ एक नेता का निधन नहीं, बल्कि झारखंड की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है. उन्होंने कहा कि सोनू के साथ उनका रिश्ता भाई जैसा था और सदन में दोनों एक-दूसरे के पूरक की भूमिका निभाते थे. सुदिव्यसोनू के अधूरे सपनों और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
वहीं, महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी डॉ.सिरिवेल्ला प्रसाद ने सुदिव्य कुमार सोनूको मेहनती, विचारशील और प्रतिबद्ध नेता बताते हुए कहा कि उनका निधन झारखंड के साथ-साथ पूरे गठबंधन और खासकर जेएमएम के लिए अपूरणीय क्षति है. मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता श्रद्धांजलि देने पहुंचे.