Hindi News / चलती ट्रक में अचानक लगी आग,चालक ने कूदकर बचाई जान

सिमडेगा के NH-143 पर टला हादसा : चलती ट्रक में अचानक लगी आग,चालक ने कूदकर बचाई जान

Edited By:  |
simdega k nh-143 par tala hadsa

सिमडेगा: सिमडेगा जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-143 (NH-143) पर बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया. चलती ट्रक में अचानक भीषण आग लगने से कुछ ही देर में पूरा वाहन धूं-धूं कर जलने लगा. घटना के बाद राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,ट्रक अपने गंतव्य की ओर जा रहा था,तभी अचानक उसमें धुआं उठने लगा. चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.चालक के बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची.दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया,लेकिन तब तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था.

आग लगने की घटना से कुछ समय के लिए NH-143 पर यातायात बाधित रहा. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए वाहनों का परिचालन सुचारु कराया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है,हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. चालक की सतर्कता और समय पर वाहन से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया.