शिक्षा के मंदिर में महापाप : चतरा में आवासीय विद्यालय की नाबालिग छात्रा हुई गर्भवती,गुरूजी पर घिनौना आरोप
चतरा:जिले के हंटरगंज प्रखंड मुख्यालय में संचालित आवासीय बालिका विद्यालय में महापाप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शिक्षा के मंदिर में नाबालिग बच्ची के साथ महापाप का आरोप किसी और पर नहीं बल्कि स्कूल के गुरूजी पर लगा है. गुरूजी की घिनौनी हरकत ने शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर दिया है. इस मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब13 वर्षीया नाबालिग छात्रा के गर्भवती होने का मामला प्रकाश में आया. जिसके बाद परिजनों ने विद्यालय पहुंच कर जमकर बवाल किया.
कैसे पढ़ेंगी बच्चियां जब हेडमास्टर करेंगे पाप
गांव के लोगों के हंगामे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने पीड़ित छात्रा और आरोपी प्रधानाध्यापक को अपने साथ थाना ले गई. जिसके बाद थाना प्रभारी ने घटनाक्रम से जिले के वरीय अधिकारियों को अवगत कराया.
अधिकारी पीड़िता और आरोपी से कर रहे पूछताछ
घटना उजागर होते ही डीसी कीर्ति के निर्देश पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार और एसडीओ सह जिला कल्याण पदाधिकारी जहुर आलम अन्य अधिकारियों के साथ हंटरगंज पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित छात्रा और आरोपी प्रधानाध्यापक से पूछताछ की. अधिकारियों ने बताया कि मामला नाबालिग बच्ची से जुड़ा है, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा. अधिकारियों ने कहा कि जांच की जा रही है. दोषी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी.
आक्रोशित परिजनों ने जमकर किया हंगामा
परिजनों के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब छात्रा विद्यालय से छुट्टी लेकर बुधवार को घर पहुंची. परिजनों ने शारीरिक बदलाव देखकर बच्ची से पूछताछ की. कड़ाई से पूछताछ में बच्ची ने गर्भवती होने के मामले की जानकारी परिजनों को दी. यह सुनने के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा करने लगे. स्थानीय लोगों और परिजनों ने मामले में जिला प्रशासन और पुलिस से आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त करते हुए कठोर दण्डनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है.
हवशी दरिंदे को फांसी देने की मांग की
चतरा की जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी ने कहा कि इस तरह का कुक्कृत किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि शिक्षकों को धरती पर भगवान से भी ऊंचा दर्जा दिया गया है. हम अपने बच्चों को इस उम्मीद के साथ स्कूल भेजते हैं कि हमारे बच्चे वहां सुरक्षित माहौल में शिक्षा ग्रहण कर जिंदगी का नया अध्याय शुरू करेंगे, लेकिन अगर स्कूल में भी हमारे बच्चे सुरक्षित नहीं है तो आखिर कहां सुरक्षित रहेंगे. उन्होंने मासूम बच्ची के साथ कुकृत्य करने वाले हवशी दरिंदे को फांसी देने की मांग की है.
विद्यालय में सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी कहा है कि आवासीय विद्यालय में गरीब-असहाय पिछड़ी जाति के बच्चे पढ़ते हैं. बावजूद विद्यालय में बच्चियों की ही संख्या रहने के बावजूद वहां ना तो शिक्षक है ना ही रसोईया और न ही महिलागार्ड है. ऐसे में गरीबों की बेटियां कैसे सुरक्षित रहेंगी.
जिला प्रशासन सेसीसीटीवी लगाने की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल विद्यालय में सीसीटीवी लगाने के साथ-साथ विद्यालय की चार दिवारी को सुदृढ़ करते हुए कांटेदार तार लगवाने की मांग की है. बहरहाल घटना प्रकाश में आने के बाद परिजन और ग्रामीण हंटरगंज थाना के बाहर डटे रहे और दोषी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.