Hindi News / जानिए फ्लाइट बंद करने के फैसले पर क्यों भड़के मंत्री इरफान अंसारी

देवघर-दिल्ली उड़ान पर संकट : जानिए फ्लाइट बंद करने के फैसले पर क्यों भड़के मंत्री इरफान अंसारी

Edited By:  |
shrawni mele se pehle deoghar delhi udan par sankat

रांची: झारखंड में एक जुलाई से कई एयरलाइंस ने अपनी उड़ानों में बदलाव किया है. इसके पीछे एयर टरबाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती लागत और विमानों की कमी को प्रमुख कारण बताया जा रहा है. इसी क्रम में रांची एयरपोर्ट से पांच उड़ानों के संचालन में बदलाव किया गया है, जबकि देवघर एयरपोर्ट से शाम के समय दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को भी रद्द किए जाने की बात सामने आई है. इस फैसले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है.

मंत्री बोले-श्रद्धालुओं की सुविधा से समझौता नहीं होना चाहिए

देवघर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान रद्द होने की खबर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने कहा कि उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर देवघर से दिल्ली की उड़ान को जारी रखने का आग्रह किया है. मंत्री ने कहा कि जल्द ही श्रावणी मेले की शुरुआत होने वाली है,जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं. ऐसे समय में देवघर से दिल्ली की फ्लाइट बंद करना उचित निर्णय नहीं है. उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी होगी और यात्रा का आर्थिक बोझ भी बढ़ेगा.

फ्लाइट सेवा जारी रहने से श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यदि केंद्र सरकार को आर्थिक या फंड से जुड़ी कोई समस्या है तो राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करने को तैयार है, लेकिन किसी भी कीमत पर उड़ान सेवा बंद नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि फ्लाइट सेवा जारी रहने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और श्रावणी मेले के दौरान यात्रा व्यवस्था भी बेहतर बनी रहेगी. साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए देवघर-दिल्ली उड़ान को तत्काल बहाल रखने की अपील की.