श्रावणी मेला की तैयारियों पर बैठक : देवघर परिसदन में मंत्री सुदिव्य सोनू ने श्रद्धालुओं के बेहतर सुविधाएं को लेकर दिए निर्देश
देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को लेकर परिसदन में महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने की. बैठक में पर्यटन सचिव नमन प्रियेश लकड़ा, देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह सहित देवघर एवं दुमका जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
महत्वपूर्ण विषयों की बिंदुवार समीक्षा
बैठक में श्रावणी मेला के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, आवासीय व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की बिंदुवार समीक्षा की गई.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता-मंत्री
मंत्री सुदिव्य सोनू ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बैठक में विभागवार प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए.