Hindi News / रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान सीनियर ट्रेन मैनेजर मालगाड़ी की चपेट में...

Jharkhand News : रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान सीनियर ट्रेन मैनेजर मालगाड़ी की चपेट में आए, इलाज के दौरान मौत

Edited By:  |
Senior train manager hit by goods train while crossing railway track, died during treatment

कोडरमा।जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरोडीह स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक रेलकर्मी की मौत हो गई। मृतक रेल कर्मी की पहचान जलालपुर, गयाजी (बिहार) निवासी51 वर्षीय मनोज कुमार पिता ब्रज किशोर पांडेय के रूप में की गई है। मृतक धनबाद रेल मंडल में बतौर सीनियर ट्रेन मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। मिली जानकारी के अनुसार मनोज कुमार धनबाद से बांझेडीह पावर प्लांट के लिए कोयले की मालगाड़ी लेकर हीरोडीह स्टेशन पहुंचने के पश्चात बांझेडीह पावर प्लांट तक कोयले की रेक ले जाने की जिम्मेवारी दूसरे गार्ड व लोको पायलट की होती है।

इसलिए मनोज वहां से ट्रेन से उतर गए। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात वे फोन पर बात करते हुए हीरोडीह स्टेशन से बाहर निकल रहे थे। चूंकि हीरोडीह स्टेशन पर प्लेटफार्म की ऊंचाई काफी कम रहती है,इसलिए वे रेल ट्रैक पार करते हुए ही स्टेशन से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान स्टेशन के लूप लाइन में जब वे ट्रैक पार कर रहे थे कि इसी बीच उस ट्रैक से एक मालगाड़ी (BCN/EDDU) काफी कम गति से गुजर रही थी।

मनोज कुमार की नजर उस पर नहीं पड़ी और ट्रेन ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ये वहीं पर गिर पड़े और इनके सिर में गंभीर चोटें आईं। बताया जाता है कि इन्हें वहां से उसी ट्रेन के माध्यम से कोडरमा स्टेशन पहुंचाया गया। जहां से इलाज हेतु इन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी इलाज के क्रम में मौत हो गई।