सरायकेला में सनसनी : बामणी नदी किनारे अज्ञात महिला का तो कुकड़ू के पास बुजुर्ग की मिली लाश
सरायकेला: जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र से गुजरने वाली बामणी नदी किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने पर सनसनी फैल गई है. शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. खून से लथपथ हालत में शव बरामद होने पर लोगों ने हत्या की आशंका जतायी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच में जुट गई है. घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए.
हत्या कर शव नदी में फेंकने की आशंका
वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक तौर पर हत्या कर शव नदी में फेंकने की आशंका जताई जा रही है. ग्रामीणों के बीच हत्या किए जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. पुलिस आस-पास के गांवों में शव की शिनाख्त के लिए पूछताछ कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कुकड़ू मेंबालू माफिया परहत्या कर शव फेंकने का आरोप
वहीं, दूसरी घटना कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय के पास हुई है. जहां 70 वर्षीय सनातन गोप का शव मिलने पर सनसनी फैल गई. बालू माफिया पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगा है. चौकेगड़िया मैदान में खून से लथपथ हालत में शव बरामद हुआ है. मृतक के पास से साइकिल और टॉर्च लाइट मिली है.
ग्रामीणों का आरोप,अवैध बालू खनन से बढ़ रहे हादसे
मौके पर पहुंची तिरुलडीह पुलिस मामले की जांच कर रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि तिरुलडीह के स्वर्णरेखा नदी से अवैध बालू खनन धड़ल्ले से चल रहा है. बालू लोड कर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और चांडिल-नीमडीह की ओर हाईवा-ट्रैक्टर तेज रफ्तार से चलते हैं. लोगों का कहना है कि अवैध बालू खनन से हादसे बढ़ रहे हैं. ग्रामीणों ने दावा किया कि दो दिन पहले नीमडीह थाना क्षेत्र के जानूम पलाशडीह गांव में ट्रैक्टर ने अमोनि महतो नामक महिला को कुचल दिया था. अब शुक्रवार रात फिर सनातन गोप को कुचलने के बाद बालू माफिया द्वारा मृतक के शव को उठाकर मैदान में डाल दिया गया ताकि मामला दूसरी दिशा में मोड़ दिया जाए.