सरायकेला में योग दिवस की धूम : DRM मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में ऑफिसर्स क्लब में योगाभ्यास
सरायकेला: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे,आद्रा मंडल में उत्साह के साथ योग कार्यक्रम आयोजित हुए. मंडल रेल प्रबंधक मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में आद्रा स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे ऑफिसर्स क्लब में भव्य सामूहिक योग सत्र संपन्न हुआ. इस वर्ष योग दिवस की थीम 'Yoga for Healthy Ageing' - स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु योग" रखी गई. इसी के अनुरूप प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ-संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
पीएम मोदी के संबोधन से शुरू हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए संबोधन और योग सत्र के लाइव प्रसारण के साथ हुआ. इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक,शाखा अधिकारी, पर्यवेक्षक, कर्मचारी और उनके परिवारजनों ने एक साथ योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया. प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों ने आसनों का सही तरीका सिखाया.
रेलवे कर्मचारियों ने किया योगासन
आद्रा मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशन, स्वास्थ्य इकाइयां, रनिंग रूम, प्रशिक्षण केंद्र और अन्य कार्यस्थलों पर भी बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम हुए. रेलवे अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग का महत्व आम लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया.
तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
कार्यक्रमों के जरिए प्रतिभागियों को तनाव प्रबंधन,शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ वृद्धावस्था में योग की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया. मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और आम नागरिकों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, नियमित योगाभ्यास को प्रोत्साहित करना और "स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन" का संदेश फैलाना रहा.