Hindi News / सभी समुदायों से मुहर्रम पर्व में आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील

सरायकेला में शांति समिति की बैठक : सभी समुदायों से मुहर्रम पर्व में आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील

Edited By:  |
saraikela mein shanti samiti ki baithak

सरायकेला: खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल कार्यालय में मंगलवार को मुहर्रम त्यौहार को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता ने की. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया. इस दौरान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

शांति समिति की बैठक में मुहर्रम पर्व के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई. अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की.उन्होंने कहा कि समाज में शांति व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है. सभी के सहयोग से ही क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है.

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह, अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना एवं ओपी प्रभारी के अलावा जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे.