सरायकेला में नशे के सौदागरों पर प्रहार : 16.50 लाख की ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
सरायकेला: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर कपाली ओपी क्षेत्र में की गई छापेमारी में भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है. जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16.50 लाख रुपये बताई जा रही है. जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी किराएदार बनकर मकान में रह रहे थे और वहीं से नशे के कारोबार का नेटवर्क चला रहे थे.
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी में मिली सफलता
एसपी निधि द्विवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा है. इसी सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान में धावा बोला. छापेमारी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर की 679 पुड़िया बरामद की. मौके से पुलिस ने महाराज अली, असगर अली और शबनम प्रवीन को गिरफ्तार किया.
नशे के कारोबार का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महाराज अली का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह आरआईटी थाना के एक मामले में वांछित था. सभी आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सफेदपोशों तक पहुंचा जा सके.