सरायकेला : कपाली पुलिस पर युवती के साथ मारपीट का गंभीर आरोप,दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला एक बार फिर पुलिस के कथित अमानवीय व्यवहार को लेकर सुर्खियों में है। हाल ही में रुचाप गांव में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में कार्रवाई हुई थी, वहीं अब कपाली ओपी पुलिस पर एक आदिवासी युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती का कहना है कि रविवार 15 जून को कपाली पुलिस ने फोन कर उसे ओपी बुलाया और करीब तीन घंटे तक बंद कमरे में पिटाई की.
सहेली की गुमशुदगी में पूछताछ,पिटाई का आरोप
अल्पना माहली ने बताया कि उसकी सहेली पिछले कुछ दिनों से लापता है. इसी मामले में पूछताछ के लिए कपाली पुलिस ने उसे बुलाया था.आरोप के मुताबिक कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के कमरे में ले जाकर युवती की जमकर पिटाई की है. युवती ने यह भी कहा कि पिटाई में पुरुष पुलिसकर्मी भी शामिल थे. युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है.
दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
परिजनों और आदिवासी समाज के लोगों का कहना है कि यह "जघन्य अपराध" है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. मामले को लेकर समाज के लोगों में आक्रोश है और उन्होंने कपाली ओपी प्रभारी के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन की चेतावनी दी है.
जिला प्रशासन काआधिकारिक बयान जारी नहीं
फिलहाल कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार या जिला पुलिस प्रशासन की ओर से इस आरोप पर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है. स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले की मजिस्ट्रेट स्तरीय जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि पूछताछ के नाम पर किसी भी नागरिक, खासकर आदिवासी युवती के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कुछ दिन पहले चांडिल थाना में इस प्रकार घटना घटी थी, जिसके बाद दोषी पुलिस को निलंबित किया गया था.