सरायकेला : कर्ज नहीं चुका पाने पर बैंक द्वारा सील फैक्ट्री में चोरी,मालिक ने हंगामे के बाद जड़ा ताला
सरायकेला:शहर के गम्हरिया क्षेत्र के ऊपरबेड़ा में कर्ज नहीं चुका पाने पर बैंक द्वारा सील की गई फैक्ट्री में चोरी करने का मामला सामने आया है. इस घटना से गुस्साए फैक्ट्री मालिक ने हंगामे के बाद ताला जड़ दिया.एसएस सेरेमिक्स एंड केमिकल प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व मालिक रोहित गोयल ने बताया की उन्होंने बैंक ऑफ़ बड़ोदा एवं किसी अन्य बैंक से अपने इस राइस मिल फैक्ट्री को चलाने के लिए कर्ज लिया था. फैक्ट्री में उपलब्ध पानी काफी ज्यादा आयरन युक्त था जो विशाक्त माना जा रहा था. जिससे चावल की क्वालिटी खराब हो रही थी और आम लोगों का स्वास्थ्य खराब हो सकता था। धंधा नहीं चला जिस कारण कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया। अंततः बैंक ऑफ़ बड़ोदा द्वारा कंपनी को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया गया.
यह मामला रांची के डीआरटी कोर्ट में लंबित है. वहीं, बैंक वालों ने कर्ज की वसूली के लिए ऑक्शन भी किया और किसी अन्य धारक को फैक्ट्री दे दी गई, लेकिन न्यायालय के आदेश के मुताबिक जब तक मामला लंबित है तब तक किसी का भी अधिकार नहीं होना चाहिए था और सील की गई फैक्ट्री जस के तस रहनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें जब सूचना मिली कि उनके फैक्ट्री में लगातार चोरी हो रही है. तब वे गुस्से में आकर मुख्य गेट में ताला लगा दिया.
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो मुख्य गेट से ताला गायब था.जब गार्ड से पूछताछ की तो उन्होंने बताया की मैनेजर द्वारा सील खोला गया है. इसके बाद जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो पाया कि भीतर के शटर में सील बाकायदा लगा है लेकिन दूसरी ओर शटर को काटकर भीतर रखे सारे महंगे यंत्र और सामान गायब है.महंगे मोटर और एयर कंडीशन भी गायब पाए गए.
इसके बाद फैक्ट्री मालिक ने जमकर हंगामा किया. उन्होंने बताया कि यह ऑक्शन पीआरबी एसोसिएट्स जिसके संचालक महेंद्र मिश्रा अखिलेश मिश्रा और आशीष मिश्रा के नाम से हुई है और बैंक ऑफ़ बड़ौदा के मैनेजर की मिलीभगत से यहां लगातार चोरी की जा रही है और अगर डीआरटी कोर्ट का फैसला उनके हक में आएगा तो यह नुकसान उन्हें भारी पड़ जाएगा. उन्होंने कहा कि मामले को लेकर अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और दोषी को जेल पहुंचाएंगे.