सरायकेला : चांडिल वन क्षेत्र के कुकड़ु प्रखंड में हाथियों का आतंक,घर और फसल को रौंदा
सरायकेला:चांडिल वन क्षेत्र के अधीन कुकड़ु प्रखंड में हाथियों के झुंड ने फिर तबाही मचाई है. हाथियों के झुंड ने डाटम गांव में घुसकर आतंक मचाया है. हाथियों ने इस गांव के निवासी मिहिर महतो का घर क्षतिग्रस्त कर अनाज को भी चट कर दिया. परिवार के लोग दहशत में है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह विशाल झुंड पिछले एक सप्ताह से इलाके में डेरा डाले हुए है. इसी झुंड ने गोंगाडीह के चोड़ा टोला में जगन्नाथ सिंह मुंडा का घर तोड़ा और रखे अनाज खा गया. कर्ण सिंह मुंडा और विश्वजीत सिंह मुंडा की खेती को भी रौंदकर बर्बाद कर दिया.लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है. उनका कहना है कि आम लोगों और हाथियों के बीच संघर्ष अब रोज की बात हो गई है.
ग्रामीणों ने नीति पर भी सवाल उठाए है. उनका आरोप है कि एक ओर शहर के लोगों के मनोरंजन के लिए दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में ‘गज परियोजना’ और टूरिज्म डेवलपमेंट के नाम पर वन्यजीवों के आश्रय स्थल उजाड़े जा रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर दलमा तराई के गरीब किसान, मजदूर और प्रकृति का संरक्षण करने वाले ग्रामीण हाथियों का दंश झेल रहे हैं.
लोगों ने बताया कि पहले गांव में दिन की शुरुआत दोपहर 3 बजे के बाद सामान्य हो जाती थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी और चांडिल गज परियोजना क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ने से शाम ढलते ही दहशत का माहौल बन जाता है. ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है.