SIR-2026 : सरायकेला डीसी ने मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की
सरायकेला: खरसावां जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR-2026) के अंतर्गत जिले में शुद्ध,अद्यतन एवं त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्य तेजी से जारी है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है. शहरी क्षेत्र के मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 एवं 20 जुलाई को जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.
उपायुक्त ने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं को अब तक गणना प्रपत्र (Enumeration Form) प्राप्त नहीं हुआ है या भरा हुआ प्रपत्र जमा नहीं किया है,वे संबंधित बीएलओ/बीएलओ सुपरवाइजर से संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त करें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमा करना सुनिश्चित करें.
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) की बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर एएसडी सूची (ASDD - Absent, Shifted, Dead & Duplicate) तैयार की जाएगी. इस प्रक्रिया का उद्देश्य निर्वाचक नामावली से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लिकेट प्रविष्टियों का सत्यापन कर उसे अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है.
डीसी ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली का निर्माण सभी की सहभागिता से ही संभव है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-2, बीएलओ एवं आम नागरिकों से भी इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया.
उन्होंने अपील की कि प्रत्येक पात्र मतदाता अपना गणना प्रपत्र समय पर प्राप्त कर उसे पूर्ण रूप से भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अवश्य जमा करें, ताकि उसका समयबद्ध संग्रहण, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जा सके।