Hindi News / निजी सोसाईटी में टैंकर से पानी सप्लाई देने पर बवाल,डिप्टी मेयर की कंपनी...

सरायकेला : निजी सोसाईटी में टैंकर से पानी सप्लाई देने पर बवाल,डिप्टी मेयर की कंपनी पर उठे सवाल

Edited By:  |
saraikela

सरायकेला:खरसावां जिले में भीषण गर्मी और पेयजल संकट के बीच आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जहां एक ओर आम नागरिक पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं आरआईटी स्थित चावला मोड़ के पास नगर निगम की पाइपलाइन व निजी टैंकरों के माध्यम से निजी आवासीय सोसाईटी तक पानी पहुंचाया जा रहा है.

टैंकरों सेनिजी सोसाईटी में पानी भेजने का आरोप

इस मामले में नगर निगम के वर्तमान डिप्टी मेयर अंकुर सिंह और उनके परिवार की निजी कंपनी ‘नवनिर्माण बिल्डर’ (NNB) पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, चावला मोड़ स्थित पानी टंकी से नवनिर्माण बिल्डर के लगभग 8,000 लीटर क्षमता वाले टैंकरों से रोजाना कई ट्रिप पानी एक निजी सोसाईटी में भेजा जा रहा है.

आदित्यपुर केकई वार्डों में पिछले कई दिनों से जलापूर्ति ठप

आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में पिछले कई दिनों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है. वार्ड 12, 15, 17 और 19 के लोगों का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. महिलाएं और बच्चे बर्तनों के साथ हैंडपंप और निजी बोरिंग के चक्कर लगा रहे हैं. यहां तक कि मोहल्लों में टैंकर भी नहीं पहुंच रहे.

निगम की टंकी से प्राइवेट बिल्डर की सोसाईटी में भेजा जा रहा टैंकर

स्थानीय निवासी सुनीता देवी का कहना है कि हमारे घर में 3 दिन से नल में पानी नहीं आया है. 500 रुपये देकर टैंकर मंगवाना पड़ रहा है. वहीं,निगम की टंकी से प्राइवेट बिल्डर की सोसाईटी में टैंकर से पानी जा रहा है.मामले को लेकर नगर निगम के अधिकारियों ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.वहीं, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह से संपर्क नहीं हो पाया है.

मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग

स्थानीय पार्षदों और सामाजिक संगठनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. वार्ड 17 के पार्षद राकेश महतो ने कहा कि "अगर निगम की पानी टंकी से निजी कंपनी को सप्लाई दी जा रही है तो यह गंभीर मामला है. जनता को जवाब देना होगा कि किस आदेश से और कितने रुपये लेकर पानी दिया जा रहा है. DC से जांच की मांग की गई है.

नगर निगम प्रशासन और डिप्टी मेयर पर सवाल

विपक्षी दलों ने इस मुद्दें को लेकर नगर निगम प्रशासन और डिप्टी मेयर को घेरा है. आरोप लगाया है कि सत्ता का दुरुपयोग कर आम जनता के हक का पानी निजी बिल्डरों को दिया जा रहा है.

नियमानुसार,जलापूर्ति योजना सेनिजी सोसाईटी में पानी देना प्रतिबंधित

नगर निगम नियमानुसार, सरकारी जलापूर्ति योजना से निजी टैंकरों के जरिए व्यावसायिक या निजी सोसाईटी को पानी देना प्रतिबंधित है. आपात स्थिति में भी दर निर्धारित कर बोर्ड से प्रस्ताव पास कराना होता है.

नगर निगम कार्यालय के घेराव की चेतावनी

फिलहाल आदित्यपुर में पानी की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे में नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा.