Hindi News / हाथी हमले में मृत मां-बेटी के परिजनों से मिली विधायक सविता महतो,मदद...

सरायकेला : हाथी हमले में मृत मां-बेटी के परिजनों से मिली विधायक सविता महतो,मदद का दिया भरोसा

Edited By:  |
saraikela

सरायकेला: ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के हाड़ात गांव में जंगली हाथियों के हमले में मां-बेटी की मौत के बाद मंगलवार को विधायक सविता महतो पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची. विधायक ने शोकाकुल परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिया. विधायक ने मृत महिला चाइना देवी के पति एवं घायल मोहनलाल महतो के माता-पिता से शिलदा में मुलाकात कर उनकी स्थिति का भी जायजा लिया और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली.

विधायक ने बुजुर्ग के इलाज के लिए समय-समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने की बात कही. इस दौरान घायलों को सुखा राशन और आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया. वहीं, हाड़ात स्थित मृत महिला के घर पर भी खाने की सामग्री और श्राद्ध क्रम के लिए निजी स्तर से आर्थिक सहायता दी.

बता दें कि बीते शनिवार को हाथियों के झुंड ने गांव में हमला कर कमल चंद महतो की पत्नी चाइना देवी और उनकी बेटी अमिता बाला को कुचलकर मार डाला था. घटना में मोहनलाल महतो और उनकी मां सांतुला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थी.

इस मौके पर विधायक सविता महतो ने कहा कि महिला के 9 वर्षीय बेटे अमित महतो का आवासीय विद्यालय में दाखिला कराया जाएगा,जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उन्होंने वन विभाग को हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त घरों की शीघ्र मरम्मत और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का निर्देश दिया. साथ ही बीडीओ एकता वर्मा को बच्चे के पालन-पोषण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं जल्द पूरा करने को कहा.

विधायक ने डीएफओ से फोन पर बातचीत कर क्षेत्र में हाथियों के उत्पात को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है. इस अवसर पर बीडीओ एकता वर्मा, उप प्रमुख दीपक साहू, थाना प्रभारी बजरंग महतो, वनपाल मुकेश महतो, पंचायत सचिव, जेएमएम केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, किशुन किस्कू, सपन आदित्यदेव, ग्राम प्रधान बुधु सिंह मुंडा, अघोर महतो सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे.