साहिबगंज : गंगा नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, मां-बाप का घर हुआ सूना
साहिबगंज:राजमहल थाना क्षेत्र के योगीचक में दर्दनाक हादसा हुआ है. गंगा नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई है. मृतकों की पहचान आर्यन चौरासिया (9 वर्ष) और राघव चौरासिया (8 वर्ष) के रूप में हुई है. इधर,दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है.
परिजनों के अनुसार दोनों बच्चे सुबह घर से निकले थे और काफी देर तक वापस नहीं लौटे. फिर परिवार वालों ने बच्चों की खोजबीन शुरू की. शुरुआत में परिजनों को आशंका हुई कि कहीं बच्चा चोर बच्चों लेकर भाग तो नहीं गया, लेकिन बाद में पड़ोसियों ने सूचना दी कि गंगा किनारे दो बच्चों के कपड़े रखे हुए है.
इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने गंगा नदी में बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन गुरुवार को उनका कोई पता नहीं चल पाया. शुक्रवार सुबह राघव का शव गंगा नदी में तैरता हुआ मिला. इसकी सूचना तुरंत राजमहल थाना प्रभारी को दी गई.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची. इसके बाद गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में जाल डालकर खोजबीन की गई.जिसमें दूसरे बच्चे आर्यन का शव भी बरामद किया गया.
जानकारी के अनुसार बच्चों के पिता सिंटू चौरासिया मुंबई में मजदूरी करते हैं और होली के अवसर पर अपने परिवार के साथ घर आए हुए थे. सिंटू चौरासिया के दो ही बच्चे थे.इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है.