Live

Bihar News

सहरसा में 5 हजार घूस लेते राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार गिरफ्तार

A
Akanksha Kumariलेखक

सहरसा:-सहरसा जिले के पतरघट अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार को आज सुबह 5 हजार रुपये घूस लेते हुए पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार परिवादी रणबहादुर सिंह को परिमार्जन के कार्य को लेकर पिछले कई महीनों से दौड़ा रहा था। कभी किसी बहाने से काम रोका जाता रहा, तो अंततः काम करने के एवज में पैसे की मांग की गई।

इससे परेशान होकर परिवादी रणबहादुर सिंह ने पटना निगरानी विभाग को लिखित आवेदन देकर शिकायत की कि पतरघट के राजस्व कर्मचारी परिमार्जन के नाम पर अवैध रूप से पैसे की मांग कर रहे हैं। निगरानी विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जाल बिछाया।

आज सुबह निगरानी टीम अंचल कार्यालय पतरघट पहुंची। जैसे ही परिवादी ने पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये राहुल कुमार को दिए, पहले से घात लगाए निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

परिवादी रणबहादुर सिंह, निवासी ग्राम धबोली, ने बताया कि वे पिछले सात–आठ महीनों से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। हर बार काम के बदले पैसे की मांग की जाती थी। तंग आकर उन्होंने निगरानी विभाग से शिकायत की, जिसके बाद आज यह कार्रवाई संभव हो सकी।

सहरसा से शशि मिश्रा की रिपोर्ट


इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें