थाना में रील बनाना पड़ा महंगा : रांची पुलिस ने युवक से भराया बॉन्ड,थाने में माफी भी मंगवाई
रांची:चुटिया थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया है. आरोप है कि चुटिया थाना में साहिल महतो नाम का युवक ने पंजाबी गाने पर चुटिया थाने में अपनी दबंगई दिखाते हुए एक रील बनाई फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इस हरकत में बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाना परिसर में उसकी परेड कराई और थाने में उससे माफी मांगनी पड़ी. कड़ी पूछताछ और सबक सिखाने के बाद पुलिस ने युवक से लिखित में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का बॉन्ड भी भरवाया.
युवक ने थाना में गलती का एहसास करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में मैंने थाने में रील बनाई थी. मैं अपनी इस हरकत पर शर्मिंदा हूं और कसम खाता हूं कि दोबारा कभी ऐसी गलती नहीं करूंगा.
बीते दिनों साहिल महतो नाम का युवक ने सोशल मीडिया पर रातों-रात चर्चित होने के लिए एक शॉर्ट वीडियो बनाया. हैरान करने वाली बात यह थी कि युवक ने इस वीडियो को बनाने के लिए चुटिया थाना परिसर को चुना. वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसने इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया,जो देखते ही देखते यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया.