रांची : DSPMU में फीस वृद्धि पर छात्रों का फूटा गुस्सा,क्लासरूम से लेकर सड़क तक आंदोलन की चेतावनी
रांची:डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में इन दिनों फीस वृद्धि को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश है. विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग के साथ कई विभागों में सालाना फीस को लगभग दोगुना कर दिया गया है. जिससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है. छात्रों का कहना है कि एक ओर विश्वविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहीं दूसरी ओर फीस में इतनी बड़ी बढ़ोतरी पूरी तरह से अनुचित है.
कुलपति के बयान परछात्रों में भारी नाराजगी
छात्र नेताओं के अनुसार, जब हाल ही में नियमित कुलपति की नियुक्ति हुई तो प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने पहुंचा और फीस वृद्धि पर पुनर्विचार करने की अपील की, लेकिन कुलपति ने साफ तौर पर कहा कि फीस में जो बढ़ोतरी की गई है, उसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा. इस बयान के बाद छात्रों में भारी नाराजगी है.
विश्वविद्यालय में सुविधाओं के नाम पर घोर कमी
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में सुविधाओं के नाम पर बहुत कम व्यवस्था है. कई विभागों में पर्याप्त क्लासरूम, लैब और अन्य शैक्षणिक संसाधनों की कमी है, पीने की पानी तक नहीं है. इसके बावजूद फीस को दोगुना करना छात्रों के साथ अन्याय है. उनका कहना है कि यदि सुविधाएं बेहतर होती तो फीस वृद्धि को लेकर किसी हद तक समझा जा सकता था, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह निर्णय पूरी तरह से अव्यावहारिक है.
'छात्रवृत्ति की सुविधा भी बाधित'
डीएसपीएमयू में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र झारखंड के सुदूर ग्रामीण इलाकों से आते हैं, जिनमें बड़ी संख्या आदिवासी और मूलवासी समुदाय के विद्यार्थियों की है. इनमें से कई छात्र आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अपनी पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति पर निर्भर रहते हैं, लेकिन लंबे समय से छात्रवृत्ति की सुविधा भी बाधित है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं.