रांची : वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने लौटाई सुरक्षा,बिना सुरक्षा वाहनों के पहुंचे खेलगांव
रांची:हेमंत सरकार के कांग्रेस कोटे से वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर अपने एक फैसले को लेकर चर्चा में आ गए हैं. मंत्री ने अपनी सुरक्षा में तैनात 16 सुरक्षा गार्ड और उनके लिए आवंटित 3 सुरक्षा वाहनों को राज्य सरकार को वापस लौटा दिया है. अब वे बिना किसी भारी-भरकम सुरक्षा काफिले के सफर कर रहे हैं. इस फैसले के पीछे वित्त मंत्री ने तर्क दिया है कि महज 16 सुरक्षाकर्मियों की आवाजाही के लिए तीन बड़े वाहनों का काफिला रखना सुरक्षा के दृष्टिकोण से न तो उचित है और न ही व्यावहारिक. वहीं, सुरक्षा गार्ड को वापस किये जाने की जानकारी डीजीपी को दे दी है.
राधा कृष्ण किशोरबिना सुरक्षा के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर अपने फैसले के बाद शुक्रवार को वे बिना सुरक्षा के राजधानी रांची के खेलगांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे. उन्हें इस रूप में देखकर वहां मौजूद लोग और अधिकारी भी हैरान रह गए.
राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज
राजनीतिक गलियारों में वित्त मंत्री के इस कदम को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चा है. हालांकि,उनकी सुरक्षा में लगे गार्ड और स्पेशल ब्रांच के जवानों को वह अपने आवास बुला रहे हैं लेकिन कहीं अपने साथ नहीं ले जा रहे.
पूरा विवाद डीजीपी को लिखे गएचिट्ठी से हुआशुरू
दरअसल,पूरा विवाद डीजीपी तदाशा मिश्रा को लिखे गए वित्त मंत्री की चिट्ठी से शुरू हुआ है. वित्त मंत्री ने 29 जून को डीजीपी को चिट्ठी लिखकर सुरक्षा गार्डो को लेकर एक अतिरिक्त वाहन की मांग की थी. तीन दिनों तक इंतजार करने के बाद भी डीजीपी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया तो वित्त मंत्री नाराज हो गए और उन्होंने अपनी सुरक्षा वापस करने का फैसला लिया. उनके इस फैसले ने एक बार फिर से सरकार के अंदर कांग्रेस की स्थिति को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. इससे पहले भी वित्त मंत्री अपने कई बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं.