रेलवे ट्रैक पर तीन शव मिलने पर सनसनी : बोकारो जीआरपी टीम सभी पहलुओं पर कर रही जांच
बोकारो: जिले में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई,जब राधानगर पंचायत के पास लावाटांड़ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव बरामद किए गए. घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब 9 किलोमीटर दूर की है. सूचना मिलते ही जीआरपी बोकारो की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर एक युवक की पहचान गोमिया प्रखंड के मडवाडीह, टीकाहारा, बरकी पुनु गांव निवासी बबलू सोरेन के रूप में हुई है. दूसरे युवक की पहचान दीपक सोरेन के रूप में की गई है, जबकि तीसरे शव की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. प्रारंभिक जांच में तीनों युवकों के ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, घटना दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है. जीआरपी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.