Hindi News / अब RAC यात्रियों को भी AC कोच में मिलेगा पूरा बेडरोल किट

रेलवे का बड़ा फैसला : अब RAC यात्रियों को भी AC कोच में मिलेगा पूरा बेडरोल किट

Edited By:  |
railway mein bada faisla

रेलवे बोर्ड ने एसी श्रेणी में यात्रा करने वाले आरएसी (Reservation Against Cancellation) यात्रियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। नए निर्देश के अनुसार अब एसी चेयर कार को छोड़कर सभी एसी कोच में यात्रा करने वाले प्रत्येक आरएसी यात्री को भी अन्य कन्फर्म टिकट यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें चादर, कंबल, तकिया, तकिए का कवर और तौलिया जैसी सभी आवश्यक वस्तुएं शामिल होंगी।

रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेल समेत सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को इस संबंध में आदेश जारी किया है। बोर्ड ने कहा है कि पिछले कुछ समय से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि आरएसी यात्रियों को या तो बेडरोल नहीं दिया जाता था या फिर अधूरा बेडरोल उपलब्ध कराया जाता था। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी रेलवे जोनों को पुराने निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।

अब रेलवे अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि एसी कोच में सफर करने वाला कोई भी आरएसी यात्री बेडरोल की सुविधा से वंचित न रहे। रेलवे का मानना है कि आरएसी यात्री भी वैध टिकट पर यात्रा करते हैं, इसलिए उन्हें भी समान सुविधाएं मिलनी चाहिए।

रेलवे बोर्ड के इस फैसले से रोजाना लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब बेडरोल को लेकर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस व्यवस्था के लागू होने से यात्रियों की शिकायतें कम होंगी और एसी श्रेणी में यात्रा का अनुभव पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनेगा। रेलवे ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।