नहीं रहे बीजेपी के पूर्व विधायक : पाकुड़ में बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन पर शोक की लहर,हार्ट अटैक से हुई मौत
पाकुड़:जिले के पूर्व बीजेपी विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता का बुधवार को निधन हो गया है. उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है. पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता का हृदयाघात (हार्ट अटैक) होने से निधन हुआ है. अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पाकुड़ सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
बुधवार सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, बेनी प्रसाद गुप्ता पिछले तीन दिनों से रांची में थे. बुधवार सुबह वे रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस ट्रेन से पाकुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचे. बीजेपी नेता एवं बरहरवा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्यामल दास ने बताया कि घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. स्थिति गंभीर होने पर उनके निजी सहायक उन्हें तत्काल पाकुड़ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बेनी प्रसाद गुप्ता के निधन पर क्षेत्र मेंशोक की लहर
1990 और 1995 में बीजेपी से विधायक रहे बेनी प्रसाद गुप्ता अपने मिलनसार स्वभाव और जनसेवा के लिए जाने जाते थे. उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई. पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों ने उनके निधन को सार्वजनिक जीवन के लिए बड़ी क्षति बताया है.
बेनी प्रसाद गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते
बेनी प्रसाद गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे. उन्होंने वर्ष 1990 और 1995 में बीजेपी के टिकट पर पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था. उस समय झारखंड राज्य का गठन नहीं हुआ था और पाकुड़ अविभाजित बिहार का हिस्सा था. विधायक के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई थी.उनके समर्थकों का मानना था कि वह सौम्य व्यवहार, सादगी और सर्वस्वीकार्य छवि के कारण अलग पहचान रखते थे.