Live

JHARKHAND NEWS

नो एंट्री में छूट पर विरोध, सड़क जाम से वाहनों की लंबी कतारें

S
Shruti Prakashलेखक

सड़क दुर्घटनाओं और भारी वाहनों के कारण परेशान ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

चाईबासा : "नो एंट्री" में छूट दिए जाने के विरोध में तांबो और आसपास के ग्रामीणों ने आज सुबह से सड़क जाम कर दिया। इस सड़क जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। एसडीओ सदर, एसडीपीओ और थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा थमता नहीं दिख रहा। उनका कहना है कि जब तक डीसी, एसपी और परिवहन मंत्री लिखित आश्वासन नहीं देते कि नो एंट्री में दी गई छूट को बंद किया जाएगा, तब तक सड़क जाम नहीं हटेगा।


नो एंट्री में छूट से बढ़ी दुर्घटनाएं और परेशानी
बता दें कि कुछ महीने पहले तक चाईबासा में "नो एंट्री" सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक लागू थी। लेकिन, हाल ही में पूर्व सदर एसडीओ द्वारा नो एंट्री में बदलाव किया गया और अब छूट 11 बजे से 1 बजे और फिर 3 बजे से 5 बजे तक दी गई है। इस निर्णय के बाद भारी वाहन, जैसे ट्रेलर और हाईवा, इन समयों में धड़ल्ले से चलते रहे हैं। यह सड़क मुख्य मार्ग है, जिस पर उपायुक्त कार्यालय, समाहरणालय, टाटा कॉलेज और कोल्हन विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख स्थल स्थित हैं। इसके कारण इस मार्ग पर यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। नो एंट्री में छूट देने से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे स्थानीय लोग और ग्रामीण काफी परेशान हैं।

पूर्व की तरह नो एंट्री लागू करने की मांग
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से पहले की तरह नो एंट्री को शक्ति से लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही है, और यह स्थिति खतरे से कम नहीं है। सड़क जाम करने वाले लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन उनका मांग पूरा नहीं करता, तब तक वे विरोध जारी रखेंगे।

चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें