पोटका के मजदूर की चेन्नई में मौत : पत्नी ने की मुआवाजे की मांग, दयनीय हालत से जूझ रहा परिवार
जमशेदपुर:पोटका प्रखंड अंतर्गत पोटका गांव के एक प्रवासी मजदूर दशरथ मुंडा (28) की चेन्नई में मौत हो गयी है. वह महज पांच महीने पहले ही आजीविका कमाने के लिए घर से चेन्नई गया था.परिजनो से मिली जानकारी के अनुसार, दशरथ मुंडा अपने साथियो के साथ चेन्नई की एब्राहम एंटरप्राइजेज कंपनी में मजदूरी का काम करते थे. वहां काम करने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी. गंभीर स्थिति को देखते हुए उसके साथियों ने उसे तमिलनाडु अस्पताल में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.दशरथ की मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बढ़ गई है. दशरथ मुंडा की पत्नी ने सरकार से मुआवजे की मांग की है.
दशरथ मुंडा के परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी दयनीय है कि वे शव को वापस अपने पैतृक गांव लाने के लिए चेन्नई जाने में भी असमर्थ है. मजबूरी और तंगहाली के कारण परिजनों की सहमति से उसके सहकर्मियों और साथियों ने चेन्नई में ही दशरथ का अंतिम संस्कार करा दिया. समाजसेवी शंकर मुंडा ने कंपनी प्रबंधन एवं सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.