Hindi News / नेपाल से दिल्ली-NCR तक चरस की सप्लाई,109 करोड़ की खेप बरामद

पुलिस की बड़ी सफलता : नेपाल से दिल्ली-NCR तक चरस की सप्लाई,109 करोड़ की खेप बरामद

Edited By:  |
police ki badi safalta

दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दक्षिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने आरोपितों के कब्जे से 106.250 किलोग्राम हाई-क्वालिटी चरस बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 109 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह नेपाल से नशीले पदार्थों की खेप दिल्ली तक पहुंचाता था। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में चरस की सप्लाई की जाती थी। बताया गया कि तस्करी की खेप को दिल्ली के वजीराबाद स्थित एक गोदाम तक पहुंचाया जाता था,जहां से आगे सप्लाई का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

पुलिस को 29 जून को नेपाल के नागरिकों के दिल्ली-एनसीआर में चरस सप्लाई करने की सूचना मिली थी। इसके बाद स्पेशल स्टाफ की टीम ने संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। कार्रवाई के दौरान कोटला मुबारकपुर स्थित एक घर में छापेमारी की गई,जहां से तीन आरोपित भरत थापा, गोविंद बुढ़ा और ज्योति पुन मगर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 8.598 किलोग्राम चरस बरामद हुई।

पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नेपाल से चरस की खेप दिल्ली तक कौन पहुंचाता था और दिल्ली-एनसीआर में इसके खरीदार तथा सप्लायर कौन-कौन हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट