पटना यूनिवर्सिटी में प्रेसिडेंशियल डिबेट
7 कैंडिडेट को मिले 7-7 मिनट, सैनेटरी पैड और शिक्षक का मुद्दा हावी
PATNA : पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव प्रचार के आखिरी दिन साइंस कॉलेज ग्राउंड पर प्रेसिडेंशियल डिबेट का आयोजन किया गया। चुनावी अखाड़े में उतरे छात्र संघ अध्यक्ष कैंडिडेट और उनकी पार्टियों के उम्मीदवारों के लिए ये मौका खास रहा। सभी सात कैंडिडेट ने मंच से जबरदस्त ढ़ंग से अपनी-अपनी बातें रखी। किसी ने पीयू में सैनेटरी पैड की व्यवस्था करने की बात कही तो किसी ने प्रोफेसर और लाइब्रेरी की बात की। सभी मुद्दों पर भारी सैनेटरी पैड और शिक्षक उपलब्ध कराने का रहा।
प्रत्याशी के संबोधन से पहले मंच से पटना यूनिवर्सिटी के कुलपति गिरीश चौधरी सहित कई अधिकारियों ने अपनी बात रखी। उसके बाद जब प्रत्याशियों की बारी आयी तो सबसे पहले मौका मिला AISA के आदित्य रंजन को। दूसरे नंबर पर जनअधिकार छात्र परिषद से प्रत्याशी दीपांकर प्रकाश आए तो तीसरे पर छात्र जेडीयू के आनंद मोहन और चौथे पर निर्दलीय मानसी झा ने संबोधित किया और अपना-अपना एजेंडा छात्रों के सामने रखा। पांचवे नंबर पर एबीवीपी की प्रगति राज तो छठे पर छात्र RJD से साकेत कुमार ने अपनी पार्टी का एजेंडा रखा। वहीं आखिरी में यानि सातवें नंबर पर एनएसयूआइ के प्रत्याशी शाश्वत शेखर ने संबोधित किया।
छात्र जेडीयू के आनंद मोहन ने दावा किया कि वे अध्यक्ष बने तो सबसे पहले उनकी प्रायोरिटी पटना यूनिवर्सिटी को सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी की दर्जा दिलाने की होगी। उन्होंने कहा कि नॉमिनेशन के बाद से मुझ पर हमले हो रहे हैं लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। कलम कॉपी उठाइए पिस्तौल नहीं। उन्होंने कहा कि सेनेटरी पैड के लिए काम करूंगा। मगध महिला छात्रावास की तरह बाकी जगह भी छात्रावास बनवाऊंगा। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार मानसी झा ने भी कॉलेजों में सैनेटरी पैड की सुविधा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पीयू को उसका पुराना गौरव दिलाने का प्रयास करुंगी।
छात्र आरजेडी के उम्मीदवार साकेत कुमार ने कहा कॉलेज कैंपस को सुरक्षित बनाने के लिए हम प्रयास करेंगे। उनके भाषण के दौरान लालू-तेजस्वी जिंदाबाद के नारे लगते रहे।जाप उम्मीदवार दीपांकर प्रकाश ने कहा कि पटना में मेट्रो रेल चालू होने के बाद छात्रों के लिए फ्री में यात्रा की सुविधाय दिलवाएंगे तो उन्होंने कहा कि गोलगप्पा और चाट फ्री में खिला कर झांसा देने वालों की यहां दाल नहीं गलने वाली है।
NSUI उम्मीदवार शाश्वत शेखर ने धमाका करते हुए मंच पर बैठे पटना यूनिवर्सिटी के तमाम बड़े पदाधिकारियों के सामने आरोप लगाया कि यहां घोटाला हो रहा है और कागज पर सब कुछ ठीक-ठाक दिखाया जा रहा है। मैं अध्यक्ष पद पर चुनाव जीत लूंगा तो इनके के हलक से अधिकार निकाल लूंगा। वहीं AISA छात्र संगठन के आदित्य रंजन ने कहा कि विश्वविद्यालय में जेंडर सेल बनाया जाए सेनेटरी पैड मुफ्त उपलब्ध कराएंगे। वीमेंस कॉलेज में मोबाइल की अनुमति दिलाएंगे क्योंकि मोबाइल पर रोक लगाना लड़कियों के साथ पितृसत्तात्मक रवैया है। शिक्षकों और कर्मचारियों की बहाली भी करवाएंगे।
ABVP की प्रगति राज ने कहा कि 19 नवंबर को छात्र संघ चुनाव की वोटिंग होनी है और इसी दिन झांसी की रानी की जयंती भी है। खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी। कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर महिला को उतारा है। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में सबसे ज्यादा जो दो जरूरी चीजें हैं वह है प्रोफेसर और लाइब्रेरी। इन दोनों की कमी कॉलेजों में है। इसे हम पूरा करेंगे।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।