पटना की 'ग्रेजुएट चाय वाली' खिलखिला रही आज : दी ये खुशखबरी, सभी को खुशी में शामिल होने का दिया निमंत्रण
PATNA :पटना की 'ग्रेजुएट चाय वाली' का वीडियो पिछले दिनों आपने देखा होगा। वायरल वीडियो में चाय वाली प्रियंका गुप्ता फूट-फूट कर रोती नजर आ रही थी। कहती दिख रही थी कि उन्होंने दुकान खोल कर जिंदगी की सबसे बड़ी गलती कर दी। दरअसल प्रियंका की दुकान को पटना नगर निगम वाले उठा कर ले गये थे । इससे पहले भी वे अपनी फुटपाथ की दुकान बचाने के लिए आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के घर तक पहुंच गयी थी। लेकिन अब प्रियंका के सारे दुख दूर हो गये हैं। प्रियंका आज खिलखिला रही हैं। हंस-हंस कर लोगों को आमंत्रित कर रही हैं। बात ही कुछ ऐसी है।
पटना की 'ग्रेजुएट चाय वाली' प्रियंका गुप्ता ने परंपरा से हट कर जो लकीर खींची थी उस पर वो सफल होती दिख रही हैं। दरअसल पटना में जब वीमेंस कॉलेज के आगे उन्होंने चाय की दुकान खोली थी तो खूब चर्चा बटोरी थी। कुछ लोग कह रहे थे ये लड़की क्या दुकान चला पाएगी। लेकिन देखते ही देखते प्रियंका की दुकान चल पड़ी। पूरे ठसक के साथ उन्होंने पटना के पॉश बोरिंग रोड चौराहे पर चाय की दुकान खोल ली और पैसे भी खूब कमाए।
अब प्रियंका का ये आइडिया हिट कर गया है। प्रियंका ने पटना से बाहर कदम रख दिया है। वे अब इंदौर में भी अपनी फ्रेंचाइजी 'ग्रेजुएट चाय वाली' दुकान खोल रही हैं। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने लोगों को दुकान पर आने के लिए आमंत्रित किया है।
— Priyanka Gupta (@grad_chaiwali)
24 वर्षीय प्रियंका गुप्ता कोई आम चाय वाली नहीं हैं, बल्कि एक ग्रेजुएट चाय बेचने वाली हैं। प्रियंका ने वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन किया है। प्रियंका पिछले कई सालों से लगातार प्रतियोगी परीक्षाएं दे रही थी, जिसमें बैंक की प्रतियोगी परीक्षा भी शामिल है। लेकिन वह परीक्षा में पास होने में असफल रही हैं, इसलिए उन्होंने अपने घर लौटने के बदले पटना में ही चाय का ठेला लगाकर रोजी रोटी कमाने का प्लान किया। प्रियंका गुप्ता अहमदाबाद के एमबीए चाय वाले प्रफुल्ल बिलोर को अपना आदर्श मानती हैं।