पलामू पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़ : आरोपी कुख्यात फैज खान के पैर में लगी गोली, दूसरा फरार
पलामू: जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की बड़ी खबर सामने आई है. पांकी और तरहसी के सीमावर्ती इलाके में हुई इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान घायल हो गया है. जबकि एक अन्य अपराधी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फैज खान के पैर में गोली लगी है. आरोपी पर गुरुवार रात मेदिनीनगर के प्राइवेट बस स्टैंड स्थित शताब्दी मार्केट में गुड्डू खलीफा उर्फ समीर खलीफा की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है.
इस सनसनीखेज हत्याकांड में फैज खान और उसके साथियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी. इसी मामले में पुलिस लगातार फैज खान की तलाश में छापेमारी कर रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को उसके पांकी-तरहसी इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली थी. जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया.छापेमारी के दौरान अपराधियों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी फायरिंग में पुलिस ने भी गोली चलाई. इस मुठभेड़ में फैज खान के पैर में गोली लग गई.
इधर, घायल फैज खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बता दें कि फैज खान पहले से ही कई बड़े आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है. साल 2012 में जेएमएम नेता लड्डू खान हत्याकांड में भी वह मुख्य आरोपी था. इसके अलावा भी उस पर कई संगीन मामलों के आरोप हैं.