पलामू पुलिस की कार्रवाई : बंधुआ गोलीकांड मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार,10 की तलाश जारी
पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के काराकाट बंधुआ गांव में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर खूनी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को दबोच लिया गया है. मामले में पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 नामजद आरोपियों में से 9 को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
शुक्रवार को प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर इमरान मियां,सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेरु मियां और पातु मियां को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपी चैनपुर थाना क्षेत्र के बंधुआ गांव के निवासी है.
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं,फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है.पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
बता दें कि बुधवार को अपराधियों ने नाबालिग के पिता को गोली मार दी थी, जबकि उसकी मां और भाई पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था.इलाज के दौरान चाकू से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था.घटना के संबंध में घायलों के परिजनों का आरोप है कि नाबालिग से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार पर जानलेवा हमला किया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.