पलामू में सड़क हादसा : मासूम बच्चे की मौत,मां समेत तीन गंभीर
पलामू:मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा खुर्द के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार मासूम की मौत हो गई, जबकि बच्चे की मां, बहन और ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल है. सभी घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी अंश कुमार के रूप में हुई है. वहीं, हादसे में उसकी मां सुनीता देवी, बहन अंशिका आकृति और ममेरे भाई नारायण कुमार रवि सिक्की खुर्द, पाटन का निवासी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार,परिवार के सभी सदस्य स्कूटी से बटसरा से मेदिनीनगर स्थित निमिया स्कूल बच्चों को छोड़ने जा रहे थे.इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अंश कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अंश कुमार को मृत घोषित कर दिया. जबकि, अन्य घायलों का इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. इधर, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.