Hindi News / उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप,ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग

पलामू के गैस एजेंसी में गड़बड़झाला : उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप,ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग

Edited By:  |
palamu k gas agency mein gadbadjhala

पलामू: जिले के पांडू प्रखंड स्थित कुटमू इंडियन गैस एजेंसी पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगे हैं. एजेंसी पर गैस सिलेंडरों की खुलेआम कालाबाजारी और उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है. हैरानी की बात ये है कि कालाबाजारी मामले में एजेंसी का मालिक पहले ही जेल जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद एजेंसी में गड़बड़ियों का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी के मैनेजर अभिषेक पाण्डेय मनमानी तरीके से गैस की सप्लाई कर रहा. पांडू निवासी देवेंद्र पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने गैस बुकिंग के लिए मैसेज किया और उन्हें ओटीपी भी मिला, लेकिन बिना सिलेंडर दिए ही मोबाइल पर संदेश आ गया कि आपका गैस डिलीवर्ड हो गया है. देवेंद्र पाण्डेय का कहना है कि जब इस संबंध में मैनेजर अभिषेक पाण्डेय से जानकारी ली गई तो उन्होंने इसे ऑपरेटर की गलती बताकर पल्ला झाड़ लिया. उन्होंने कहा कि ऐसे कई उपभोक्ता हैं जिनके साथ यही खेल हुआ है. इससे साफ है कि एजेंसी में कहीं न कहीं बड़ा गड़बड़झाला चल रहा है.

इधर उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि गैस बुकिंग के लिए मैसेज करने पर करीब 08 घंटे बाद प्रयास असफल या इसी तरह का संदेश आता है. कई बार दोबारा मैसेज करने पर भी वही संदेश मिलता है, जिससे लोगों को गैस बुकिंग कराने में भारी परेशानी हो रही है. इसके अलावा आधार सत्यापन के नाम पर भी उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि जब वे एजेंसी पहुंचते हैं तो कभी एजेंसी बंद मिलती है, तो कभी “बाद में आना” कहकर वापस भेज दिया जाता है.

लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर की इस अव्यवस्था से लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई उपभोक्ताओं ने बताया कि घर में शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम चल रहे हैं, बच्चों का टिफिन बनाना और घर का खाना पकाना भी मुश्किल हो गया है, इसके बावजूद एजेंसी की ओर से कोई संतोषजनक व्यवस्था नहीं की जा रही.

इस मामले पर पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल चंद्रवंशी ने भी कड़ा सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि जब एजेंसी के मालिक पर कालाबाजारी का आरोप सिद्ध हो चुका है, तो अब तक एजेंसी को सील क्यों नहीं किया गया. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कुटमू इंडियन गैस एजेंसी को तत्काल सील कर किसी अन्य डीलर को जिम्मेदारी दी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके.

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सभी उपभोक्ताओं के साथ आमरण अनशन किया जाएगा. इधर, कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा, जबकि बाजार में ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचे जाने की चर्चा तेजी से हो रही है. इससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गैस उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और कालाबाजारी पर रोक लग सके.