पलामू : होली को लेकर प्रशासन सतर्क, भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक गिरफ्तार

Edited By:  |
palamu

पलामू:होली पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है.जिले मेंअवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में पुलिस ने बसदह इलाके में छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया.

अवैध शराब की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई

उपायुक्त के आदेशानुसार उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब की खरीद-बिक्री के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा.इसी कड़ी में गुरूवार को भी गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की गई. उत्पाद विभाग की टीम ने पाटन थाना पुलिस के सहयोग से थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसदह में एक पक्के मकान में तलाशी ली. छापेमारी के दौरान संतन भुईयां के मकान से विभिन्न ब्रांड की भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई.

उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान घटनास्थल से रामाशीष भुईयां को गिरफ्तार कर लिया गया. जबकि, अवैध शराब कारोबारी एवं मकान मालिक मौके से फरार हो गया. उत्पाद अधिनियम की धारा 47 (a) एवं 55 के तहत संतन भुईयां, रामाशीष भुईयां, पंडुल सिंह, दादा सिंह, उमा सिंह एवं अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है.

नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

गिरफ्तार आरोपी रामाशीष भुईयां (पिता स्व० बौध भुईयां, ग्राम बसदह कॉलोनी, थाना-पाटन, जिला-पलामू) को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया. अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. इस अभियान में उत्पाद अधीक्षक सुजित कुमार के नेतृत्व में एसआई अनूप प्रकाश, अवर निरीक्षक अमित कुमार सिंह, पाटन थाना प्रभारी एवं उत्पाद विभाग और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन की यह कार्रवाई जारी रहेगी.