पलामू : मेदिनीनगर में सिलेंडर ब्लास्ट में चार झुलसे,गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर
पलामू:जिले के मेदिनीनगर के बैरिया चौक के पास स्थित एक घर में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया. गैस सिलेंडर विस्फोट होने पर भीषण आग लग गई. विस्फोट इतना तेज था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए है. घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया. गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने निजी अस्पताल भेज दिया. घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तब जाकर आग पर काबू पाया गया. पुलिस और दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल से तीन दर्जन से अधिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं. मौके पर एसडीपीओ,थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.
घटना जिस मकान में हुई, उसके दूसरे तल्ले पर क्षेत्र की एक स्मॉल बैंकिंग फाइनेंस कंपनी का कार्यालय संचालित है. दमकल और पुलिस की टीम ने कई सिलेंडरों को बाहर निकाला. मकान के अंदर अब भी धुआं भरा हुआ है और गैस लीक होने की स्थिति बनी हुई है.
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पांडू इलाके में संचालित एक गैस एजेंसी से जुड़े सिलेंडर घर में रखे हुए थे. हालांकि, यह भंडारण वैध था या अवैध इसकी जांच प्रशासनिक और पुलिस टीम द्वारा की जा रही है. घर के अंदर खाली और भरे हुए दोनों तरह के सिलेंडर पाए गए हैं.
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक निजी फाइनेंस कंपनी के नीचे बने गोदाम में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है. गोदाम वैध है या अवैध इन बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतनी तेज आवाज के साथ हुई कि गोदाम के दरवाजे तक टूट गए. हादसे में एक घायल की हालत बेहद गंभीर है, उसकी शरीर की आंत तक बाहर आ गई है. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.