Hindi News / हुसैनाबाद में युवक की हत्या के विरोध में सड़क जाम,अपराधियों की गिरफ्तारी की...

पलामू : हुसैनाबाद में युवक की हत्या के विरोध में सड़क जाम,अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण

Edited By:  |
palamu

पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में युवक ओमप्रकाश सिंह की हत्या के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया. आक्रोशित ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को घंटों जाम कर दिया. सिद्धनाथ गेट, नवीनगर मोड़ और सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास जाम के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. ग्रामीण हत्या में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. इस दौरान हुसैनाबाद की कई दुकानों को भी बंद कराया गया.

बताया जा रहा है कि बुधवार रात ओमप्रकाश सिंह अपनी गाड़ी रोककर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे. तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. गोली लगने के बाद ओमप्रकाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे,लेकिन अपराधियों ने उन्हें दोबारा गोली मार दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

इधर,पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, मृतक ओमप्रकाश सिंह के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में आठ मामले दर्ज हैं। पुलिस हत्या के कारणों के साथ उसके पुराने आपराधिक मामलों को भी जांच के दायरे में रखकर छानबीन कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।