Hindi News / सांसद विष्णु दयाल राम नई दिल्ली में वैप्कोस लिमिटेड की अध्यक्ष से मिले,मंडल...

पलामू : सांसद विष्णु दयाल राम नई दिल्ली में वैप्कोस लिमिटेड की अध्यक्ष से मिले,मंडल डैम निर्माण कार्य पर हुई चर्चा

Edited By:  |
palamu

पलामू: लोकसभा सांसद विष्णु दयाल राम ने आज नई दिल्ली में वैप्कोस लिमिटेड की अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक शिल्पा सचिन शिंदे से मुलाकात की. पलामू प्रमंडल की बहुप्रतीक्षित उत्तरी कोयल जलाशय (मंडल डैम) परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने एवं परियोजना को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा कराने को लेकर चर्चा की.

सांसद ने बताया कि उक्त परियोजना के अंतर्गत लेफ्ट मेन कैनाल के लिए 0.61 एकड़ भूमि का मुआवजा वितरण किया जाना शेष है. वहीं, राइट मेन कैनाल का लगभग 14 किलोमीटर निर्माण कार्य अभी बाकी है,दोनों कैनालों का निर्माण कार्य कर रही विक्रमादित्य कंपनी द्वारा कार्य अत्यंत धीमी गति से किए जाने के कारण उक्त कंपनी का निविदा को निरस्त किया जाएगा. इसके पश्चात अक्टूबर 2026 तक नई निर्माण एजेंसी का चयन कर कार्य आवंटित किया जाएगा,जिससे परियोजना के निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी आएगी. साथ ही मुख्य मंडल डैम पर हाइड्रा, इलेक्ट्रिकल, सिविल से संबंधित टेंडर कुछ ही दिनों में (एक सप्ताह के भीतर) प्रकाशित किया जाएगा. निर्धारित प्रक्रिया का अनुसरण करते हुए अक्टूबर 2027 तक कार्य को पूरा कर लिया जाएगा.

उत्तरी कोयल जलाशय (मंडल डैम) परियोजना के निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय एवं वैप्कोस लिमिटेड द्वारा की जा रही है,ताकि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के अन्दर पूरे किए जा सके.

सांसद ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि उत्तरी कोयल जलाशय (मंडल डैम) परियोजना का निर्माण कार्य वैप्कोस लिमिटेड द्वारा वर्ष 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा. इस परियोजना के पूरा होने से पलामू प्रमंडल के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी एवं क्षेत्र के कृषि एवं समग्र विकास को नई गति मिलेगी.