पलामू : सीएम हेमंत सोरेन ने पोखराहा-जोड़ हादसों पर लिया संज्ञान,डीसी एवं परिवहन मंत्री को दिए निर्देश
पलामू: पोखराहा और जोड़ के पास फोरलेन पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जाने का सिलसिला चिंता का विषय बन गया है. बीते कुछ दिनों में चार लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया है. सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर आम जनता लगातार आवाज उठा रही थी और हाल ही में इस मुद्दें को लेकर प्रदर्शन किया गया था. इसी बीच जेएमएम नेता सन्नी शुक्ला ने इस गंभीर मामले को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी. जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पलामू उपायुक्त (डीसी) एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
सीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उक्त सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए है. सीएम ने कहा कि यह फोरलेन क्षेत्र लंबे समय से सड़क सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां तेज रफ्तार वाहनों, अपर्याप्त संकेतकों और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं. कई परिवार इन दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खो चुके हैं,जिससे पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है.
सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक
लोगों का मानना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए गए होते तो कई जान बचाई जा सकती थी. इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं, इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है. सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित विभाग शीघ्र कार्रवाई करते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा. साथ ही दुर्घटना संभावित इस क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कर आवश्यक सुधार कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा. सड़क पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, हाईमास्ट लाइट, रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड कैमरा और उचित ट्रैफिक प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की जानी चाहिए.
मुख्यमंत्री की त्वरित पहल पर जेएमएम नेता ने जताया आभार
स्थानीय लोगों का विश्वास है कि सरकार और प्रशासन की सक्रिय पहल से ऐसे दर्दनाक हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी. मुख्यमंत्री की त्वरित पहल पर जेएमएम नेता सन्नी शुक्ला ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पलामू की जनता मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और शीघ्र कार्रवाई के लिए आभारी है.
फ्लाईओवर निर्माण की भी मांग
जेएमएम नेता सन्नी शुक्ला ने जिला प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि जब तक उक्त स्थान पर फ्लाईओवर का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती, स्पीड ब्रेकर का निर्माण और अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय तत्काल लागू किए जाए,ताकि भविष्य में किसी भी परिवार को अपनों को खोने का दर्द न झेलना पड़े.