पाकुड़ में दिनदहाड़े लाखों की डकैती : हथियारबंद अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम,ग्राहक बनकर घुसे थे तीनों
पाकुड़: बड़ी खबर पाकुड़ से आ रही है. किशन वर्मा ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े लाखों की डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया है. हथियारबंद 3 अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि तीनों अपराधी ग्राहक बनकर घुसे थे.जाते समय अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग भी की. जिससे ज्वेलरी दुकान में बैठे आकाश वर्मा बाल-बाल बचे. हैलांकि,पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है. मौके पर पुलिस घटनास्थल पहुंचकर सीसीटीवी खंगालने में जुट गई है. पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा प्रखंड के सदर बाजार की घटना है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,तीनों अपराधी पल्सर बाइक से रेनकोट और हेलमेट पहनकर दुकान पहुंचे थे. दुकान में प्रवेश करते ही अपराधियों ने आकाश वर्मा को निशाना बनाकर गोली चला दी. गोली से बचने के लिए आकाश नीचे झुक गये और दुकान से निकलकर घर की ओर भागे. अपराधियों ने उनका पीछा करते हुए दूसरी गोली भी चलायी, लेकिन वे बच निकले इसके बाद अपराधियों ने दुकान में रखे सोने और चांदी के आभूषण लूट लिये.
दुकान से बाहर निकलने के बाद अपराधियों ने फिर फायरिंग की और आसपास के लोगों को डराने का प्रयास किया. घटना के समय इलाके में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही थी. जिसका फायदा उठाकर तीनों अपराधी बाइक से बासमती गांव की ओर फरार हो गये.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की बारीकी से जांच की. अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने भी आसपास के मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की. घटना के बाद पुलिस ने जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच शुरू कर दी. खबर भेजे जाने तक पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छानबीन में जुटी हुई है.